मुख्य समाचार
विजयपुर उपचुनाव में फर्जी महिला बनकर मतदान करने पहुंचा युवक, VIDEO वायरल
मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट दिनभर सुर्खियों में रही. इस सीट पर उपचुनाव के दौरान दिनभर कई ऐसी घटनाएं हुईं, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा. इस सीट पर फर्जी वोटिंग और वोट न करने देने के आरोप भी सामने आए. दिनभर बवाल के बीच हुई वोटिंग के बाद शाम को विधानसभा क्षेत्र से एक वीडियो सामने आया है, जो फर्जी मतदान के खेल की पोल खोल रहा है. एक युवक साड़ी पहन महिला बनकर पोलिंग बूथ पर वोट डालने के लिए पहुंचा. जैसे ही इस बात का खुलासा हुआ तो वह भागने लगा. *विजयपुर में फर्जी वोटिंग* श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव से पहले ही फायरिंग और हिंसा की घटना घटने लगी थी. इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में थे. इस सीट को अतिसंवेदनशील भी घोषित किया गया था. 13 नवंबर को वोटिंग के दौरान इस सीट पर फर्जी मतदान के आरोप भी लगे. इस बीच वीरपुर पोलिंग बूथ पर एक युवक साड़ी पहनकर महिला बनकर फर्जी वोट डालने के लिए पहुंचा. *वीडियो आया सामने* घटना विजयपुर के वीरपुर में पोलिंग बूथ की है, जहां पर फर्जी मतदान का खुलासा हुआ है. यहां एक युवक महिला बनकर पोलिंग बूथ पर मतदान करने के लिए पहुंचा. जब लोगों ने उसकी पहचान की तो वह यहां-वहां भागने लगा. पोलिंग बूथ पर एजेंट ने उसे पहचान लिया था. जब तक पुलिस उसे पकड़ पाती युवक मौके से भाग गया. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है.



