मुख्य समाचार
मुरैना बीएससी की परीक्षा देकर कॉलेज से निकली छात्रा का अपहरण, ग्वालियर ले जाकर जबरन शादी का मामला आया सामने
मुरैना: शासकीय कन्या महाविद्यालय में बीएससी की परीक्षा देने आई एक छात्रा के अपहरण और जबरन शादी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रा को बहला-फुसलाकर ग्वालियर ले जाया गया, जहां आर्य समाज मंदिर में उसकी इच्छा के विरुद्ध विवाह करने का आरोप है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी शिवम जादौन, जो जालौन का रहने वाला है, ने उसके परिजनों के एक्सीडेंट की झूठी सूचना दी। इस बात से घबराकर छात्रा उसकी बाइक पर बैठ गई, जिसके बाद आरोपी उसे ग्वालियर ले गया। यह पूरा मामला तब प्रकाश में आया जब इस कथित शादी के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। इन तस्वीरों और वीडियो के सामने आने के बाद पीड़िता और उसके परिजन सकते में आ गए। इसके तुरंत बाद, पीड़िता अपने परिवार के सदस्यों के साथ मुरैना के कोतवाली थाने पहुंची और पूरी घटना की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई। परिजनों की शिकायत और छात्रा के बयानों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवम जादौन के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुट गई है और वायरल फोटो-वीडियो के आधार पर आगे की कानूनी जांच की जा रही है।


