मुख्य समाचार
पोरसा थाना क्षेत्र: बुधारा गांव में युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
पोरसा (मुरैना): पोरसा थाना क्षेत्र के बुधारा गांव में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां बुधारा गऊशाला के ठीक सामने एक पीपल के पेड़ से लटककर एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान संतोष (आयु लगभग 52 वर्ष), पुत्र सुमेर सिंह सखबार, निवासी बुधारा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। इसके बाद तुरंत पुलिस को इस बात की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पोरसा थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, आत्महत्या के असल कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आसपास के लोगों तथा परिजनों से पूछताछ कर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।


