मुख्य समाचार
भिंड में स्कूली बस और डंपर की टक्कर, सात बच्चे घायल
भिंड के रौन क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रौन कस्बे में संचालित अमर ज्योति पब्लिक स्कूल की बच्चों से भरी बस नेशनल हाईवे-552 से गुजर रही थी। जब बस गौरई कस्बे के पास पहुँची, तो सड़क किनारे खड़े रेत से भरे एक डंपर में जा घुसी। आरोप है कि बस चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण बस अनियंत्रित होकर डंपर से टकरा गई। इस भीषण टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और बच्चे घबरा गए। हादसे में अल्पेश राजावत (12), ऋषभ राजावत (11), सार्थक राजावत (6), अप्रंश (8), प्रद्युम्न (7), देव राजावत (6) और कीर्ति राजावत (12) घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस, पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुँची। पुलिस ने मौके पर स्थिति संभालते हुए बच्चों को अस्पताल पहुँचाने की व्यवस्था की। सभी घायल बच्चों को रौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार, किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई है और सभी की हालत सामान्य है। हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर बच्चों के उपचार की जानकारी ली।


