मुख्य समाचार
इंदौर। नवबर्ष से अब वॉट्सएप पर भी मिलेंगे बिजली बिल; पिछले लेन-देन भी देख सकेंगे उपभोक्ता
मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी नए वर्ष 2023 में वॉट्सएप पर भी बिजली बिल जारी करेगी। इस तरह उपभोक्ताओं को अब बिजली के बिल के लिए परेशान नहीं होना पड़ा। उनके द्वारा रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर उन्हें उनका बिजली का बिल समय पर मिल जाएगा। कंपनी के पास अब तक लगभग 47 लाख बिजली उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर हैं। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के एमडी अमित तोमर ने बताया कि उपभोक्ता सेवाओं में विस्तार की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ाते हुए वॉट्सएप पर बिल देने की तैयारी की जा रही है। जनवरी से इंदौर शहर व अन्य इलाकों के उपभोक्ताओं को वॉट्सएप पर भी बिजली के बिल दिखाई देने लगेंगे। उपभोक्ता बिल का पूरा पेज, पिछले लेन-देन, बिल पेमेंट लिंक आदि वॉट्सएप पर देख सकेगा। तोमर ने बताया कि केंद्र शासन से संबंध भारत बिल पेमेंट सर्विस (BBPS), वॉट्सएप नंबर सेवाओं को बिजली कंपनी के न्यू जनरेशन बिलिंग सॉफ्टवेयर से लिंक किया जा रहा है। पूरी तैयारी के बाद जनवरी से बिजली उपभोक्ताओं के पंजीकृत मोबाइल पर बिल जनरेट होते ही दिखाई देने लगेंगे। बिजली कंपनी पूर्व से ही टेलीग्राम पर इस तरह के बिल देखने की सुविधा प्रदान कर ही रही है


