मुख्य समाचार
चंबल में गुंडागर्दी: सरेराह युवक को पीटा, फायरिंग कर कट्टा लहराते हुए भागे बदमाश
मुरैना। चंबल अंचल में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें पुलिस और कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है। ताजा मामला बानमोर थाना क्षेत्र के सेवा गांव का है, जहाँ वर्चस्व कायम करने के लिए बदमाशों ने एक 19 साल के युवक को निशाना बनाया। पीड़ित दीपक गुर्जर को आरोपी दीपू गुर्जर ने फोन कर आंगनबाड़ी केंद्र पर बुलाया। दीपक जैसे ही वहाँ पहुँचा, दीपू और उसके दो नकाबपोश साथियों ने उस पर लाठियों से हमला कर दिया। मारपीट से मन नहीं भरा तो एक बदमाश ने कट्टा निकालकर फायर ठोक दिया। गनीमत रही कि गोली दीपक को नहीं लगी। वीडियो में कैद हुई दहशत हैरानी की बात यह है कि जब पीड़ित ने इस गुंडागर्दी का वीडियो बनाना चाहा, तो बदमाश बेखौफ होकर कट्टा तानते हुए और गालियां देते हुए बाइक से फरार हो गए। शोर सुनकर जब दीपक के परिजन मौके पर पहुँचे, तब तक आरोपी दहशत फैलाकर निकल चुके थे। पुलिसिया कार्रवाई: बानमोर पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपू गुर्जर और दो अन्य अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। लेकिन सवाल वही है—क्या चंबल में "कट्टा कल्चर" पर कभी लगाम लगेगी? खुलेआम हथियार लहराते इन बदमाशों का वायरल वीडियो अब पुलिस की कार्यप्रणाली को चुनौती दे रहा है।


