मुख्य समाचार
सरकारी जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, फायरिंग में युवक की मौत, दो महिलाएं घायल
मुरैना जिले के सबलगढ़ थाना क्षेत्र के रतियापुरा गांव में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहा पुराना विवाद गुरुवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले दोनों के बीच जमकर कहासुनी और विवाद हुआ, जिसके बाद अचानक फायरिंग शुरू हो गई। घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। फायरिंग के दौरान जगदीश कैवट को गोली लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घटना में दो महिलाएं भी घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों का इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही सबलगढ़ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला सरकारी जमीन पर कब्जे के विवाद से जुड़ा पाया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।


