मुख्य समाचार
शाजापुर: नेशनल हाईवे पर बस-ट्रक की भिड़ंत चारधाम से लौट रहे 25 तीर्थयात्री घायल
शाजापुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर ठुकराना चौराहे के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ चारधाम की यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस को एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी और बस में सवार 50 से अधिक यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में लगभग 25 यात्री घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही लालघाटी और केनाल थाना पुलिस की डायल-112 टीमें मौके पर पहुँचीं। सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।


