मुख्य समाचार
भोपाल से गैस पीड़ित दिल्ली जाएंगे 38 साल बाद भी हक नहीं मिलने से नाराज
भोपाल गैस कांड की 38वीं बरसी 3 दिसंबर को है। इस दिन हजारों गैस पीड़ित दिल्ली में रैली निकालेंगे। 2 दिसंबर को भी दिल्ली जाएंगे। इससे पहले भोपाल में प्रदर्शन चल रहा है। पांच संगठन अब तक 40 हजार गैस पीड़ितों के हस्ताक्षर भी ले चुके हैं। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया से भी गैस पीड़ित मिलेंगे। वे मंत्री से कहेंगे कि 10 जनवरी 2023 को अतिरिक्त मुआवजे को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होना है। इसमें केंद्र और मप्र सरकार पीड़ितों के हक में पूरी ताकत से पक्ष रखें। भोपाल ग्रुप फॉर इन्फॉर्मेशन एंड एक्शन की रचना ढींगरा ने बताया कि गैस पीड़ितों के हक में पांच गैस पीड़ित संगठन एकसाथ आगे आए हैं। हर रोज नीलम पार्क में गैस पीड़ित प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके हस्ताक्षर भी लिए जा रहे हैं। अब तक 40 हजार से ज्यादा पीड़ितों ने हस्ताक्षर कर दिए हैं। इसके प्रदर्शन के जरिए मांग की जा रही है कि 38वीं बरसी से पहले केंद्र और मप्र सरकार गैस पीड़ितों को मुआवजा दिलाने का वादा पूरा करें


