मुख्य समाचार
मुरैना के सिविल थाना क्षेत्र के न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में सगे संबंधियों ने युवक को बेरहमी से पीटा गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती
मुरैना, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पारिवारिक विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब सगे संबंधियों ने मिलकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित मनोज राठौर का अपने ही कुछ सगे संबंधियों से पिछले कुछ समय से किसी घरेलू बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था। शुक्रवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी रामौतार, सुरेंद्र और उनके अन्य साथियों ने एकजुट होकर मनोज के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से मनोज पर हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुन दौड़े पड़ोसी घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मनोज की चीख-पुकार सुनकर जब तक आस-पास के लोग और पड़ोसी बीच-बचाव करने पहुंचे, आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। लहूलुहान हालत में परिजनों ने मनोज को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया। पुलिस की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर आरोपी रामौतार, सुरेंद्र और अन्य के खिलाफ मारपीट व विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय निवासियों ने कॉलोनी में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की है।


