मुख्य समाचार
मध्य प्रदेश में बोर्ड परीक्षा के दौरान मुरैना में आंसर शीट लेकर भागा छात्र।
मुरैना। ग्वालियर-चंबल संभाग में मध्य प्रदेश शिक्षा बोर्ड की परीक्षा के दौरान नकल करने के दो मामले सामने आए। शिवपुरी में नकल सामग्री को टेप के जरिये शरीर पर चिपका कर आया छात्र पकड़ा गया। वहीं मुरैना में एक छात्र उत्तर पुस्तिका लेकर भाग गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुरैना जिल के अंबाह के एमएलडी हायर सेकंडरी स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर सोमवार दोपहर 12 बजे परीक्षा खत्म होने के बाद यहां ड्यूटी दे रहे शिक्षक रामदयाल दादौरिया उत्तर पुस्तिकाएं जमा कर रहे थे, इसी बीच एक छात्र उत्तर पुस्तिका लेकर भाग गया।उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस थाने में की है। जबकि शिवपुरी जिले में सोमवार को संवेदनशील केंद्र खोड़ के संत श्रीकैलाशगिरी उमावि में एक छात्र को नकल सामग्री के साथ पकड़ा गया। वह टेप के जरिये नकल सामग्री को शरीर पर चिपका कर पहुंचा था।


