मुख्य समाचार
मौत के साये में कारोबार: सरायछोला में हाईवे किनारे ड्रमों से धड़ल्ले से बिक रहा अवैध डीजल-पेट्रोल, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
मुरैना जिले के सरायछोला थाना क्षेत्र में सुरक्षा और कानून को ठेंगा दिखाकर अवैध डीजल और पेट्रोल का कारोबार सरेआम फल-फूल रहा है। नेशनल हाईवे के किनारे बेखौफ तस्कर ड्रमों में अत्यधिक ज्वलनशील ईंधन भरकर खुलेआम बेच रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि मौत का यह कारोबार स्थानीय प्रशासन की नाक के नीचे चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी गहरी नींद में सोए हुए हैं सुरक्षा मानकों के मुताबिक, हाईवे के करीब इस तरह पेट्रोल और डीजल का खुला भंडारण और व्यावसायिक बिक्री विस्फोटक अधिनियम का सीधा और गंभीर उल्लंघन है। ईंधन की अत्यधिक संवेदनशीलता के चलते थोड़ी सी लापरवाही या हल्की सी चिंगारी पूरे इलाके को भीषण आगजनी और बड़ी आपदा की आग में झोंक सकती है। इसके बावजूद, पुलिस और प्रशासनिक अमला इस पर लगाम कसने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है सूत्रों का कहना है कि इन अवैध अड्डों पर वाहन चालकों को सस्ता ईंधन देने के नाम पर मिलावटी डीजल-पेट्रोल बेचा जा रहा है, जिससे गाड़ियों के इंजन तो खराब हो ही रहे हैं, साथ ही अवैध बिक्री के कारण सरकार को भी राजस्व का भारी चूना लग रहा है। जानलेवा जोखिम और नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ने के बावजूद कार्रवाई न होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े करता है अब देखना यह है कि इस गंभीर मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन और मुरैना पुलिस कब तक जागती है और इन अवैध कारोबारियों पर क्या कड़ा एक्शन लेती है।


