मुख्य समाचार
रिठौरा थाना क्षेत्र में एक युवक पर खौलता तेल डालकर युवक को झुलसाया, होटल के बाहर किया जानलेवा हमला
रिठोरा। आगरा-झांसी हाईवे पर स्थित पहलवान होटल के बाहर एक युवक पर गर्म तेल डालकर उसे गंभीर रूप से घायल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रिठोरा थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, फरियादी हाकिम गुर्जर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि जब वह पहलवान होटल के पास था, तब आरोपी ने उसे अकारण गालियां देना शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने क्रूरता की हदें पार करते हुए फरियादी पर खौलता हुआ गर्म तेल डाल दिया। इस हमले में युवक बुरी तरह झुलस गया है। साथ ही आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। रिठोरा पुलिस ने इस संबंध में अपराध क्रमांक 32/26 दर्ज किया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 118(1), 351(3) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना शुरू कर दी है, जिसकी जिम्मेदारी प्रधान आरक्षक राजकुमार सिंह को सौंपी गई है।


