ट्रेन के गेट पर बैठे युवकों को आए नींद के झोंके गिरे नीचे
कटनी। कुठला के केलवारा फाटक के पास रेलवे ट्रेक पर दो युवक मृत अवस्था में मिले। लोगों की सूचना पर पुहंची पुलिस ने युवकों के पास मिले दस्तावेजों के अनुसार पहचान कर स्वजनों को सूचना दी। एक जबलपुर के उप नगर रांझी और दूसरा अमरपाटन का रहने वाला था। पुलिस का कहना है कि दोनों ट्रेन के गेट पर बैठे होंगे। नींद के झोंके आए और नीचे गिरने से मौत हो गई। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पीएम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिए गए। जिसे लेकर वह अपने गृह नगर को रवाना हो गए।
पुलिस ने बताया कि रांझी निवासी गुलशन चौधरी पिता राम कुमार चौधरी 29 साल रायपुर में ट्रक के सहायक के रूप में काम करता था। एक सप्ताह पूर्व उसने घर आने की बात कही थी। रविवार की सुबह उसका शव कुठला थाना क्षेत्र के केलवारा फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर मिला। कुछ ही दूरी पर पुलिस ने एक और शव बरामद किया। जिसकी शिनाख्त अमरपाटन निवासी जितेंद्र तोमर 30 वर्ष के रूप में की गई। पुलिस का अनुमान है कि दोनों किसी ट्रेन के गेट पर बैठे थे और नींद के झोंके में गिरने से दोनों की मौत हुई।




