मध्यप्रदेश
दतिया सेवढ़ा सनकुआं सिंध नदी के छोटे पुल से सिंध में श्रद्धालुओं से भरा ट्रेक्टर गिरा 5 की मौत 30-35 घायल 11 गंभीर
मध्य प्रदेश के दतिया में सोमवार शाम साढ़े सात बजे रतनगढ़ माता मंदिर पर जवारे चढ़ाकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर सेवढ़ा सनकुआं सिंध नदी के छोटे पुल से सिंध नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में जहां 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई, वहीं 30-35 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। सभी मृतक दबोह लहार क्षेत्र के निवासी हैं। घायलों को उपचार के लिए दतिया जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर संजय कुमार व सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस व प्रशासन की ओर से बचाव कार्य आरंभ किया गया। रात का समय होने से मौके पर बचाव कार्य में दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार दबोह के वार्ड क्रमांक 8 पानी की टंकी के पास रहने वाले कुशवाह परिवार की ओर से जवारे बोए गए थे। जिन्हें चढ़ाने परिवार के सदस्य और अन्य लोग ट्रैक्टर टाली में सवार होकर रतनगढ़ माता मंदिर पर सोमवार को गए थे। सोमवार को माता रतनगढ़ पर मेला भी लगता है।






