ब्रेकिंग
मुरैना में 'जहर' पर मेहरबानी: क्या मिलावटखोरों के 'कवच' बन गए हैं अधिकारी गुप्ता? मुरैना पुलिस की 'सेलेक्टिव होली': सच दिखाने वालों से दूरी, वाह-वाही करने वालों पर 'रंग' की बौछार! यूजीसी और आरक्षण को लेकर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की दो दिवसीय राष्ट्रीय बैठक इंदौर में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित मंडला पुलिस की त्वरित कार्रवाई डकैती के पांच आरोपी जबलपुर से गिरफ्तार, रकम एवं उपयोग की गई कार बरामद भिंड के गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के बिरखडी गांव के पास तेज़ रफ़्तार ट्रक ने ट्रेक्टर ट्रॉली में मारी... असम में राजधानी एक्सप्रेस से टकराकर 7 हाथियों की मौतः एक घायल; ट्रेन के 5 डिब्बे-इंजन पटरी से उतरे भिंड में रेत माफियाओं पर कार्रवाई के समय रेत माफियाओं ने एसडीएम की गाड़ी को मारी टक्कर बाल-बाल बचे। अधिकारियों की प्रताड़ना से तंग आकर पोस्ट मेन ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला की समाप्त ग्वालियर पुलिस लाइन के क्वार्टर में प्रधान आरक्षक ने की आत्महत्या, मचा हड़कंप
मध्यप्रदेश

उज्जैन में सात में से पांच सीटों पर कांग्रेस के चेहरे तय, दक्षिण, बड़नगर में इंतजार

उज्जैन। विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने के बाद रविवार को नवरात्र के पहले दिन कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। इसमें जिले की सात विधानसभा सीटों में से पांच में पार्टी ने अपने प्रत्याशी तय कर दिए हैं। इनमें से तीन मौजूदा विधायकों पर फिर भरोसा जताया गया है। इसमें तरना से महेश परमार, नागदा-खाचरौद से दिलीप गुर्जर और घट्टिया से रामलाल मालवीय शामिल हैं।

उज्जैन उत्तर से माया राजेश त्रिवेदी और महिदपुर से दिनेश जैन बोस को टिकट दिया गया है। दोनों बीते विधानसभा चुनाव में निर्दलीय चुनाव लड़े थे। कांग्रेस की सूची आने के साथ ही तराना, घट्टिया और नागदा-खाचरौद में भाजपा-कांग्रेस दोनों के उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट हो गई है।

बता दें कि भाजपा घट्टिया, तराना, नागदा-खाचरौद और उज्जैन दक्षिण से अपने प्रत्याशी तय कर चुकी है। उज्जैन उत्तर, महिदपुर, बड़नगर से पार्टी अब भी प्रत्याशियों के नाम पर मंथन कर रही है। इधर कांग्रेस ने बड़नगर, उज्जैन दक्षिण छोड़ सभी विधानसभा क्षेत्रों में नाम घोषित कर दिए हैं।

पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी सीटों पर भी नाम तय कर लिए जाएंगे। भाजपा नेताओं ने भी यही बात कही है। प्रत्याशियों का कुछ स्थानों पर विरोध भी हुआ है। मगर दोनों ही पार्टियों के नेताओं का दावा है कि नाराज कार्यकर्ताओं को मना लिया जाएगा।

कहां क्या समीकरण

तराना : महेश परमार

कांग्रेस ने मौजूदा विधायक महेश परमार को टिकट दिया है। यहां इनका मुकाबला भाजपा के ताराचंद गोयल से है। महेश परमार ने उज्जैन नगर निगम महापौर का चुनाव लड़ते हुए भाजपा को कड़ी टक्कर दी थी। वे पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के करीबी माने जाते हैं। वरिष्ठ नेताओं में भी परमार की छवि बेहतर है। बीते माह कालापीपल में हुए जनसभा के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उन्हें दिल्ली बुलाया था। परमार का टिकट पहले से ही तय माना जा रहा था। रविवार को औपचारिक रूप से नाम सूची में आया।

नागदा-खाचरौद : दिलीपसिंह गुर्जर

नागदा खाचरौद में भी मौजूदा विधायक दिलीपसिंह गुर्जर को टिकट दिया गया है। गुर्जर यहां से चार बार विधायक निर्वाचित हो चुके हैं। इस सीट पर कांग्रेस की ओर से सिंगल नाम था। इसलिए पहले से ही गुर्जर का टिकट तय माना जा रहा था। गुर्जर का मुकाबला भाजपा के तेज बहादुर सिंह चौहान से है। तेज बहादुर सिंह चौहान पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उन्हें पूर्व विधायक दिलीप शेखावत के स्थान पर टिकट दिया गया है।

घट्टिया : रामलाल मालवीय

घट्टिया से भी कांग्रेस ने मौजूदा विधायक रामलाल मालवीय को ही मैदान में उतारा है। मालवीय पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के करीबी माने जाते हैं। क्षेत्रीय नेताओं के बीच अच्छी पकड़ और कोई विरोध नहीं होने के कारण यह नाम भी पहले से ही तय माना जा रहा था। मालवीय की ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी पकड़ है। भाजपा ने इस सीट से पूर्व विधायक सतीश मालवीय को टिकट दिया है। दोनों ही प्रत्याशी अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गए हैं।

महिदपुर : दिनेश जैन

महिदपुर में कांग्रेस ने आखिरकार इस बार दिनेश जैन बोस को टिकट दे ही दिया। बोस पिछले दो विधानसभा चुनाव से टिकट मांग रहे थे। हालांकि उन्हें मौका नहीं मिल रहा था। इस कारण वे निर्दलीय चुनाव लड़े और प्रभावित किया। दावेदारों की सूची में बोस का नाम सबसे ऊपर था। आखिरकार औपचारिक रूप से नाम की घोषणा हो गई है। भाजपा महिदपुर में अपना प्रत्याशी तय नहीं कर पाई है। नेताओं का कहना है कि जल्द ही यहां उम्मीदवार तय किया जाएगा।

उज्जैन उत्तर : माया त्रिवेदी

उज्जैन उत्तर की स्थिति भी महिदपुर जैसी है। यहां से कांग्रेस ने माया राजेश त्रिवेदी को टिकट दिया है। त्रिवेदी भी पिछली विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ी थीं। बाद में कमल नाथ ने उन्हें पार्टी के लिए कार्य करने को कहा। नगर निगम चुनाव में त्रिवेदी कांग्रेस की टिकट पर लड़ीं और जीतीं। वे दो बार पार्षद का चुनाव जीत चुकी हैं। सक्रियता के कारण त्रिवेदी को टिकट दिया गया है। भाजपा इस क्षेत्र से अभी तक अपना प्रत्याशी तय नहीं कर पाई है।

इन सीटों पर प्रत्याशियों का इंतजार

कांग्रेस की ओर से उज्जैन दक्षिण और बड़नगर में प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया है। इधर भाजपा ने भी बड़नगर, उज्जैन उत्तर, महिदपुर से अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है।

मंथन के बाद जारी की सूची

कई दिनों की प्रक्रिया और मंथन के बाद कांग्रेस पार्टी ने अपने योग्य उम्मीदवारों की अधिकृत सूची जारी की है। पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। अगर कहीं नाराजगी सामने आती है तो उन्हें मना लिया जाएगा। पार्टी प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। – विवेक गुप्ता, प्रवक्ता, कांग्रेस, उज्जैन संभाग

Related Articles

Back to top button