Indore News: सात राज्यों के ढाई हजार से अधिक भक्त करेंगे गिरिराजजी की परिक्रमा
इंदौर। उत्तम स्वामी गुरु भक्त मंडल द्वारा 16 अगस्त से मथुरा वृंदावन गिरिराज यात्रा आयोजित की जा रही है। इसमे 7 राज्यों के ढाई हजार से अधिक भक्तगण सम्मिलित होंगे। यह यात्रा स्वामी उत्तमस्वामी महाराज के सानिध्य में होगी।
भक्त मंडल के कमलेश खंडेलवाल ने बताया कि 16 सितंबर से शुरू होने वाली गिरिराज यात्रा में सात अलग-अलग राज्यों से भक्त अलग-अलग रेलवे स्टेशन से गिरिराजजी के लिए रवाना होंगे। इंदौर से जाने वाली यात्रा में तकरीबन एक हजार से अधिक भक्त निजामउद्दीन ट्रेन से रवाना होंगे। इस यात्रा में मंदसौर से 400 भक्त, बासवाड़ा से 225 भक्त, मुंबई से 100 भक्त, अजमेर से 50 भक्त, असम से कामाख्या मंदिर के पुजारी सहित 50 भक्त, गुजरात से 70 भक्त शामिल होंगे। यात्रा के दौरान मथुरा में चुनरी मनोरथ होगा।
इस तरह होगी यात्रा की रूपरेखा
16 अगस्त को रवाना होगी। 17 अगस्त को जमुना मैया को 1100 फीट की चुनरी चढ़ाई जाएगी और शाम को बांके बिहारी जी के दर्शन करेंगे। 18 अगस्त को गिरिराज परिक्रमा होगी, जिसमें हजारों भक्त शामिल होंगे। इसमें मलुकपीठाधीश्वर राजेंद्रदास देवाचार्य महाराज, गुरु शरणानंद महाराज, उत्तम स्वामी महाराज के साथ गिरिराज परिक्रमा यात्रा में सम्मिलित होंगे।
यात्रा में इंदौर से महामंडलेश्वर मां कनकेश्वरी देवी, महामंडलेश्वर रामगोपाल दास महाराज, महामंडलेश्वर राधे राधे बाबा सहित अन्य संत सम्मिलित होंगे। वहीं यात्रा में भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला सहित अन्य राजनेता भी सम्मिलित होंगे।
महर्षि श्री उत्तम स्वामी महाराज ने पहले दो बार नर्मदा पैदल परिक्रमा सैकड़ों भक्तों के साथ की थी, उसके बाद अब हजारों भक्तों के साथ गिरिराज परिक्रमा करेंगे। उत्तम स्वामी गुरु भक्त मंडल द्वारा आयोजित यह सबसे बड़ी परिक्रमा यात्रा हो रही है।
इस यात्रा की पूरी व्यवस्था श्री उत्तम स्वामी गुरु भक्त मंडल के भक्तों द्वारा की जाएगी, इसमें कई भक्त अपने साधनों से भी गिरीराज जी पहुंचेंगे।




