पंप पर कार में भरवाया डीजल रुपये मांगे तो हवाई फायर कर भागा बदमाश
इंदौर। इंदौर शहर में पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था के बाद भी बदमाशों के हौसले कम नहीं हो रहे हैं। एरोड्रम थाना क्षेत्र के 60 फीट रोड़ स्थित गुरुकृपा एचपी पेट्रोल पंप पर रविवार को बदमाशों से डीजल के पैसे मांगे तो हवाई फायर करते हुए वहां से भाग निकले।
पुलिस के मुताबिक, कर्मचारी राजू साहू ने बताया कि कार क्रमांक एमएच 17 बीवी 3080 से आए चालक ने 3410 रुपये का डीजल भरवाया। डीजल भरने के बाद कार चालक बिना पैसे दिए गाड़ी लेकर भाग गया। इसके बाद दो घंटे बाद वह पेट्रोल पंप के सामने से निकला तो पंपकर्मियों ने उसे पहचान लिया।
रुपये मांगे तो देने लगा गालियां
जब उसे पकड़कर डीजल के रुपये मांगे तो उसने देने से मना कर दिया और गालियां देने लगा। कर्मचारियों ने जब उसे वाइपर से मारा तो वह वहां से भागने लगा। इस दौरान उसने अपनी कमर से पिस्टल निकाली और हवाई फायर करते हुए भाग गया। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।




