मछली पकड़ने गए युवकों पर लाठियों से हमला एक की मौत
जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पारस पानी स्थित गौर नदी में मछलियां पकड़ने गए पांच लोगों पर मंगलवार को लाठियों से हमला हो गया। एकाएक हमला होता देख पीड़ित जान बचाकर भागे, लेकिन आरोपितों ने एक युवक को इस कदर पीटा कि उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस को सूचना लगी, तो पुलिस जंगल में कई किलोमीटर तक पैदल चलकर मौका-ए-वारदात पर पहुंची और फिर शव को खोजकर बाहर लाई। मामले में आरोपितों पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
बिना पूछे सब्बल लेने की बात खेत में मौजूद भीकन पटेल को रास नहीं आई
खमरिया पुलिस ने बताया कि ग्राम गधेरी निवासी संदीप चौधरी परिवार के शशि चौधरी, नंदी, गोलू और प्रेमलाल के साथ पारस पानी के जंगल होते हुए गौर नदी के किनारे पहुंचा। जहां सभी मछलियां पकड़ रहे थे। इस दौरान संदीप ने वहां खेत में रखी सब्बल को उठा लिया। बिना पूछे सब्बल लेने पर खेत में मौजूद भीकन पटेल को रास नहीं आई। भीकन समेत उसके दो साथियाें ने संदीप से मारपीट कर दी। यह देख नंदी, गोलू और प्रेमलाल वहां से भाग निकले।
शशि बुरी तरह घायल हो गया, बाकी साथी जान बचाकर भागे
तीनों आरोपितों ने लाठियों से पीट-पीटकर संदीप को मौत के घाट उतार दिया, वहीं शशि बुरी तरह घायल हो गया। हर कोई जान बचाकर भागे। नंदी, गोलू और प्रेमलाल गांव के लोगों के साथ पारस पानी के जंगलो में पहुंचे। रात लगभग दस बजे इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस पारस पानी पहुंची। पुलिस ने जंगल में सर्च लाइन के सहारे खोजबीन की। लगभग दो से ढ़ाई घंटे चलने के बाद पुलिस टीम मौका-ए-वारदात पर पहुंची, तो देखा कि वहां संदीप का शव पड़ा था, वहीं शशि दर्द से कराह रहा था।
पुलिस उठाकर लाई शव
पुलिस जवानों ने शव को कांधे पर लादा। घायल को भी पुलिस के जवानों ने उठाया। फिर पुलिस को वापस आने में दो से ढ़ाई घंटे लगे। जिसके बाद पुलिस ने शव को तत्काल मेडिकल अस्पताल भेजा, वही घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन को सौंपा गया। मामले में पुलिस ने भीकन समेत अन्य पर प्रकरण दर्ज किया है। उनकी तलाश की जा रही है। इस संबंध में सीएसपी रांझी विवेक गौतम ने कहा कि पुलिस सर्चिंग लाइट लेकर गई काफी मशक्कत के बाद शव को तड़के जंगल से बाहर लाया जा सका। मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों तलाश की जा रही है।




