ब्रेकिंग
मुरैना में 'जहर' पर मेहरबानी: क्या मिलावटखोरों के 'कवच' बन गए हैं अधिकारी गुप्ता? मुरैना पुलिस की 'सेलेक्टिव होली': सच दिखाने वालों से दूरी, वाह-वाही करने वालों पर 'रंग' की बौछार! यूजीसी और आरक्षण को लेकर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की दो दिवसीय राष्ट्रीय बैठक इंदौर में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित मंडला पुलिस की त्वरित कार्रवाई डकैती के पांच आरोपी जबलपुर से गिरफ्तार, रकम एवं उपयोग की गई कार बरामद भिंड के गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के बिरखडी गांव के पास तेज़ रफ़्तार ट्रक ने ट्रेक्टर ट्रॉली में मारी... असम में राजधानी एक्सप्रेस से टकराकर 7 हाथियों की मौतः एक घायल; ट्रेन के 5 डिब्बे-इंजन पटरी से उतरे भिंड में रेत माफियाओं पर कार्रवाई के समय रेत माफियाओं ने एसडीएम की गाड़ी को मारी टक्कर बाल-बाल बचे। अधिकारियों की प्रताड़ना से तंग आकर पोस्ट मेन ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला की समाप्त ग्वालियर पुलिस लाइन के क्वार्टर में प्रधान आरक्षक ने की आत्महत्या, मचा हड़कंप
देश

जम्मू-कश्मीर : पुंछ में आतंकवादियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी, NIA की टीम मौके पर पहुंची

पुंछ/जम्मू : जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बृहस्पतिवार को हथियारों से लैस आतंकवादियों द्वारा सेना के दो वाहनों पर घात लगाकर किए गए हमले में पांच सैनिकों के शहीद होने तथा दो अन्य के घायल होने के बाद सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को इलाके के वन क्षेत्र में व्यापक घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया तथा राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की एक टीम ने वहां का दौरा किया। अधिकारियों ने बताया कि ’16वीं कोर’ के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन ने इलाके का दौरा किया तथा सेना और पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की।

‘व्हाइट नाइट कोर’ या ’16वीं कोर’ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “भारतीय सेना और व्हाइट नाइट कोर कल सुरनकोट में आतंकवाद के संकट से लड़ते हुए शहीद सैनिकों की बहादुरी और सर्वोच्च बलिदान को सलाम करती है।” एक अधिकारी ने कहा कि इलाके की हवाई निगरानी भी की जा रही है तथा आतंकवादियों का पता लगाने के लिए श्वान दस्ते को भी लगाया गया है। एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”इलाके में रात की घेराबंदी के बाद आज सुबह व्यापक घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू हो गया है।” उन्होंने बताया कि अभियान अभी भी जारी है। उन्होंने कहा कि गोलीबारी में शामिल आतंकवादियों का पता लगाने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी तैनात किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को सैन्यकर्मियों को एक घेराबंदी और तलाशी अभियान स्थल पर ले जा रहे वाहनों पर सुरनकोट थाना क्षेत्र में ढेरा की गली और बुफलियाज के बीच धत्यार मोड़ पर अपराह्न करीब पौने चार बजे हमला किया गया। उन्होंने बताया कि ढेरा की गली (डीकेजी) रोड को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। सेना और पुलिस के शीर्ष अधिकारी जमीनी हालात पर नजर बनाए हुए हैं। माना जा रहा है कि तीन से चार की संख्या में हथियारबंद आतंकवादियों ने पहाड़ों से सेना के वाहनों को निशाना बनाने के लिए इस क्षेत्र को चुना। अधिकारियों ने बताया कि हमले के बाद आतंकियों ने कथित तौर पर कम से कम दो सैनिकों के शवों को क्षत-विक्षत कर दिया और उनमें से कुछ के हथियार लूट लिए। रक्षा विशेषज्ञों ने शुक्रवार को कहा कि राजौरी-पुंछ क्षेत्र में आतंकी घटनाओं में वृद्धि चिंताजनक है।

रक्षा विशेषज्ञ कर्नल एस. एस पठानिया ने कहा, ”यह चिंता का विषय है। पिछले दो महीनों में यह दूसरी घटना है। यह क्षेत्र हाल तक शांतिपूर्ण था। पिछले दो वर्षों के दौरान यहां 35 सैनिक शहीद हुए हैं। ऐसा क्यों हो रहा है? आतंकवादियों का हौसला इतना क्यों बढ़ गया है?” रक्षा विशेषज्ञ कैप्टन (सेवानिवृत्त) अनिल गौड़ ने कहा कि पाकिस्तान इन घटनाओं की साजिश रचकर इस क्षेत्र में आतंकवाद को पुनर्जीवित करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘आतंकवाद से हम जिस तरह निपट रहे हैं, उसमें कुछ खामियां हैं। अब समय आ गया है कि क्षेत्र की खुफिया और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए और कठिन इलाकों में सभी आतंकवादियों को खत्म किया जाए।” आतंकी वारदात के विरोध में जम्मू में पाकिस्तान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया।

Related Articles

Back to top button