मुख्य समाचार
लेपा हत्याकांड आरोपियों की तलाश में भिंड पुलिस ने छाना बीहड़। आरोपीयों की लोकेशन भिंड में मिली थी।
मुरैना जिले में लेपा गांव में जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपियों की भिंड में तलाश की जा रही है। पांच थानों की पुलिस ने अमायन थाना क्षेत्र के गहेली गांव के बीहड़ में दिनभर आरोपियों को ढूंढा। इस दौरान पुलिस को एक गाड़ी मिली है, जिसे जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया गया है। संभवत: इसी गाड़ी से आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद भिंड आए थे। बताया जा रहा है कि मुरैना के सिहोनिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली भिड़ाेसा पंचायत के लेपा गांव में शुक्रवार की सुबह छह लोगों की हत्या की गई थी। इस हत्याकांड में फरार आरोपी वीरेंद्र सिंह तोमर व अजय सिंह तोमर की लोकेशन शुक्रवार की दोपहर भिंड में आई। दरअसल भिंड के अमायन थाना अंतर्गत आने वाले गहेली गांव में एक आराेपी की ननिहाल है। ऐसे में पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपीगण फरारी काटने गहेली आए हैं। ऐसे में अमायन थाना प्रभारी सुनील सिकरवार, मेहगांव टीआई रविंद्र शर्मा, बरासों थाना प्रभारी सीपीएस चौहान, भारौली थाना प्रभारी अनीता गुर्जर एवं सायबर सेल के दीपेंद्र यादव और शिवप्रताप सिंह ने शुक्रवार की दोपहर से रात तक बीहड़ में आरोपियों की तलाश की। इस दौरान पुलिस काे एक बोलेरो गाड़ी मिली है। संभवत: इसी गाड़ी से आरोपी भिंड आए हैं। पुलिस ने उस गाड़ी को जब्त कर लिया है। पुलिस आरोपियाें की तलाश कर रही है।


