मुख्य समाचार
मुरैना ट्रक की टक्कर से महिला व बच्चे की मौत।
मुरैना में आरटीओ बैरियर के पास एक ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। उस बाइक पर महिला व उसके बच्चे बैठे थे। टक्कर से महिला उछलकर सड़क पर गिरी तो ट्रक का पहिया उसके सिर पर से गुजर गया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई तथा उसके पति व बच्चों को मामूली चोटें आईं। वहीं जनकपुर गांव में एक अनियंत्रित ट्रेक्टर चालक ने एक महिला व उसके तीन साल के बच्चे को कुचल दिया जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों घटनाएं सोमवार की हैं। ग्वालियर निवासी अनीता गुर्जर अपने पति व बच्चों के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर ग्वालियर से पिलौंदा गांव जा रही थी। उसकी बाइक आरटीओ चेकपोस्ट के पास पहुंची थी उसी समय पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी जिससे वह बाइक से उछलकर नीचे गिर पड़ी। महिला बाइक पर सबसे पीछे की तरफ बैठी थी। जैसे ही वह उछलकर नीचे गिरी पीछे से आ रहे ट्रक का अगला पहिया उसके सिर पर से होकर गुजर गया। महिला का सिर बुरी तरह कुचल गया। घटना के बाद वहां भीड़ लग गई। इसी बीच ट्रक चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। लोगों ने वहां जाम लगा दिया। बाद में सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसने जाम हटवाया। महिला के शव को पीएम हाउस भेजा गया जहां उसकी पीएम किया गया। इसी दिन जनकपुर गांव में एक महिला व उसके तीन साल के बच्चे को एक ट्रेक्टर चालक ने ट्रेक्टर से कुचल दिया। महिला का नाम पूजा जाटव पत्नी पिन्टू जाटव, उम्र 26 वर्ष अपने तीन वर्ष के बच्चे आर्यन के साथ पैदल जा रही थी। उसी वक्त पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेक्टर ने उनमें टक्कर मार दी जिससे दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। जब उन्हें 1008 एम्बूलेंस में डालकर उनके परिजन जिला अस्पताल पहुंचे वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


