मुख्य समाचार
मुरैना। विकास यात्रा में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहे – प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह। विकास यात्रा में विकास कार्यो का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम पर फोकस।
मुरैना विकास यात्रा 5 से 25 फरवरी तक निकाली जायेंगी प्रदेश के नर्मदा घाटी विकास, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण (स्वतंत्र प्रभार) एवं मुरैना जिले के प्रभारी मंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा है कि विकास यात्रा 5 से 25 फरवरी तक जिले में निकाली जायेंगी, विकास यात्रा के 6 रथ रहेंगे। प्रत्येक विधानसभा के रूट अलग-अलग बनाये जायें। विशेषकर विकास यात्रा निर्माण विकास कार्यो के लोकार्पण एवं भूमिपूजन पर रहे। यह बात उन्होंने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष मुरैना में रविवार को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से कही। इस अवसर पर जिला पंचायत की अध्यक्षा श्रीमती आरती गुर्जर, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम के अध्यक्ष श्री रघुराज सिंह कंषाना, ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष श्री गिर्राज डंडोतिया, जौरा विधायक श्री कमलेश जाटव, अम्बाह विधायक श्री कमलेश जाटव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री बनवारी लाल धाकड़, पूर्व मंत्री श्री रूस्तम सिंह, कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना, जिला पंचायत के सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर श्री नरोत्तम भार्गव, नगर निगम कमिश्नर श्री संजीव कुमार जैन, एसडीएम श्री एलके पाण्डेय सहित समस्त जिलाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे। प्रभारी मंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि विकास यात्रा के रूट प्रत्येक विधानसभा में ऐसे बनाये जायें कि 5 से 25 फरवरी तक सभी पंचायतें समाहित हों और नगरीय निकाय भी कैलेण्डर में शामिल हो जायें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन कम से कम 5 पंचायतें शामिल की जायें। यात्रा का उद्देश्य है कि ग्रामीणों को उनके विकास कार्य एवं लोगों को हितलाभ मिले। उन्होंने कहा कि पांचों पंचायतों में लोकार्पण, भूमिपूजन एवं हितलाभ वितरित हों। हितलाभ वितरित होने वाले हितग्राहियों के नाम मंच से बोले जायें। एक पंचायत में कम से कम एक से डेढ़ घंटा दिया जाये, उस पंचायत में होने वाले निर्माण कार्य भी देंखे जाये, जिसमें जैसे छात्रावास, तालाव आदि सम्मिलित हों। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा में एक बड़ी आमसभा भी होगी, जिसमें सांसद, मंत्री भी मौजूद रहेंगे, प्रत्येक यात्रा में विधायक शामिल रहेंगे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि 5 फरवरी को संत रविदास जयंती है, विकास यात्रा उसी दिन से प्रारंभ होगी। उस दिन किसी धार्मिक स्थल से विकास यात्रा का रूट बनाया जाये। उन्होंने कहा कि अधूरे कार्यो का लोकार्पण नहीं होगा, लोकार्पण करते समय यह सुनिश्चित कर लिया जाये कि इस योजना से किन-किन लोगों को लाभ मिल रहा है, उन्हें लाभ मिलेगा। तभी लोकार्पण किया जाये। उन्होंने विशेषकर पीएचई विभाग को कहा कि ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दें कि जितना कार्य पूर्ण हुआ है, जिसमें से 20 प्रतिशत का पैसा रोककर उसका भुगतान करें। उन्होंने कहा कि विगत 5 वर्षो में कितने काम स्वीकृत हुये है, उनकी सूची कलेक्टर निकलवायें। यात्रा का ऐसा गांव हम सबसे न छूटें, जहां विकास हुआ हो। उन्होंने कहा कि यात्रा में अधिकारियों का तो सहयोग मिलेगा ही, साथ ही जनप्रतिनिधियों को यात्रा का संदेश गांव-गांव पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि समाजहित में जो संगठन कार्य कर रहें है या अच्छे व्यक्ति जिसने अच्छा नाम रोशन किया है, चाहे पढ़ाई हो या अन्य किसी खेल में, उसे सम्मानित भी किया जाये। विकास यात्रा में आगामी बजट के लिये सुझाव लिये जायें। इस यात्रा में हर व्यक्ति को जोड़े, हर विकास को शामिल करें। उन्होंने कहा कि पीएचई विभाग के दो कार्यो का मैं स्वयं निरीक्षण करूंगा। विकास यात्रा के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लिये की जाने वाली गतिविधियां प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि विकास यात्रा में ग्राम, वार्ड के शिलान्यास, लोकार्पण, विभिन्न योजनाओं में कार्यक्रम के दौरान हितलाभ वितरित, संवाद, नागरिक, किसानों, मजदूरों, विद्यार्थियों, स्व-सहायता समूहों के जीवन पर सफलता की कहानियां, केन्द्र व राज्य सरकार की फ्लेगशिप योजनाओं, उनके लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाना। राज्य सरकार द्वारा विकास के लिये किये गये कार्यो का प्रचार-प्रसार तथा विकास यात्रा के दौरान स्व-सहायता समूहों, शिक्षक, पालक संघ के सदस्य, ग्राम सभाओं, जल जीवन मिशन के अन्तर्गत अच्छे कार्यो को भी मंच से बताना। नगर निगम के एक दिन में 3 वार्ड, नगरीय निकायों के एक दिन में एक वार्ड होंगे प्रभारी मंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि अभी तक के रूट के अनुसार नगर निगम मुरैना में एक दिन में 3 वार्ड और नगरीय निकायों में एक दिन में 1 वार्ड तय किये गये है। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कैलेण्डर बनाये जायें, उनके कहे अनुसार ही रूट प्लान तैयार करें। उन्होंने कहा कि विधानसभा में सभी जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाये, चाहे वे किसी भी विचार धारा के हों। कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना ने कहा कि जितने काम होने है और जो हो चुके है, उनकी सूची तैयार की जा रही है। यह सूची संबंधित पंचायतों के पंचायत भवनों पर भी चस्पा की जायेगी।



