जिलाधिकारी ने बच्चों की सुरक्षा के लिए कुंए पर लगवाया लोहे का जाल

श्रावस्ती,विगत दिनों तहसील इकौना के अन्तर्गत मदारा चौकी गांव में रघुराज पुत्र सन्तराम की 05 साल की पुत्री स्वाती कुंए में खेलते-खेलते गिर गई थी। यह कुंआ गांव के ही जिलेदार पुत्र बेचूलाल के घर के सामने था। जहां पर अभी भी ग्राम वासियों के रीति-रिवाजों का पालन होता था। लेकिन यह कुंआ छोटे बच्चों के लिए खतरा बन चुका था।इस प्रकरण की सूचना ’’सुशासन सप्ताह-प्रशासन गांव की ओर’’ के अन्तर्गत जिलाधिकारी नेहा प्रकाश को मिलने पर उन्होने उपजिलाधिकारी इकौना रोहित को तत्काल मौके पर भेजकर इस समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिये। गांव वालों से वार्ता करके उपजिलाधिकारी ने सबकी सहमति से कुंए पर लोहे का जाल डलवा दिया। इससे अब बिना कुंए को बन्द किये ही बच्चों और जानवरों के गिरने का खतरा समाप्त हो गया, चूंकि कुंए के पास ही भगवान शंकर का स्थान भी है और ग्रामवासी अन्य प्रथाओं का भी पालन करते है। बिना कुंए को बन्द किये हुए इस समाधान से ग्रामवासियों में खुशी है और सभी ने जिलाधिकारी को धन्यवाद ज्ञापित किया है।




