मुख्य समाचार
जयपुर हाईवे पर हुआ हादसा शादी समारोह से लौट रहे थे, बीच रास्ते आई तीन लोगों की मौत, काल बनकर आया ट्रक
टोंक। शादी की खुशियों में शामिल होकर खुशी-खुशी घर लौट रहे लोगों को पता नहीं था कि रास्ते में एक ट्रक उनके लिए काल बन जाएगा। ऐसा ही कुछ हुआ जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे-52 पर। यहां तेज रफ्तार ट्रक ने एक वैन को टक्कर मार दी। हादसे में वैन के ड्राइवर समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार टोंक निवासी राजेश ग्वाला (50), राजूलाल, दिनेश और प्रहलाद अपने किसी परिचित के यहां शादी में शामिल होने देवली गए थे। उन्होंने राकेश नायक (36) की वैन किराए पर ली। शादी में शामिल होकर सभी लोग घर लौट रहे थे। इस दौरान टोंक जिले के मेहंदवास थाना क्षेत्र में देर रात रास्ते में होटल पर चाय पीने रुके। यहां से रवाना होकर हाईवे पर चढ़े ही थे कि जयपुर की तरफ आए तेज रफ्तार ट्रक ने वैन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। मेहंदवास पुलिस मौके पर पहुंची और वैन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सआदत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने राजेश और राजू लाल को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल 3 लोगों को जयपुर रेफर किया गया। इसमें घायल वैन ड्राइवर की रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए। पुलिस ट्रक जब्त कर लिया है और ड्राइवर को पकड़ लिया है।


