मुख्य समाचार
उज्जैन में हिस्ट्रीशीटर के ठिकानों पर दबिश: 3 पिस्टल के साथ दो बदमाश गिरफ्तार, इंदौर में भूमाफिया का बार लाइसेंस निरस्त
मध्यप्रदेश के उज्जैन में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर गुंडों के ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने अवैध पिस्टल का व्यापार करने वाले एक बदमाश समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाशों के पास से 3 पिस्टल बरामद की गई है। फिलहाल पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं इंदौर में भूमाफिया के अवैध कारोबार पर कार्रवाई करते हुए बार का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। दरअसल, उज्जैन पुलिस को हिस्ट्रीशीटरों द्वारा वारदात को अंजाम देने की सूचना मिली थी। जिस पर पुलिस ने बदमाशों के ठिकानों पर दबिश देकर अवैध पिस्टल का व्यापार करने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए युवक ने पूछताछ में एक अन्य बदमाश का नाम बताया। जिसे जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के पास से पुलिस ने धर दबोचा। दोनों हिस्ट्रीशीटरों के पास से 3 नग पिस्टल बरामद किया गया है। पुलिस की इस सतर्कता से एक बड़ी वारदात टल गई। फिलहाल दोनों बदमाशों से पुलिस पूछताछ कर रही है। भूमाफिया के अवैध कारोबार पर प्रहार इंदौर जिले में भूमाफिया नीलू पंजवानी के अवैध कारोबार पर कार्रवाई की गई है। क्विंच यार्ड बार को नियम के विरुद्ध चलाया जा रहा था। जिस पर नीलू पंजवानी समेत तीन लोगों को शोकॉज नोटिस जारी किया था, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कलेक्टर मनीष सिंह ने बार का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। बता दें कि इससे पहले नगर निगम ने क्विंच यार्ड बार के अवैध निर्माण को ध्वस्त किया था।




