मुख्य समाचार
मुरैना के गोपी गांव में प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई पूर्व सरपंच रामकरण तोमर द्वारा कब्जा की गई 60 बीघा सरकारी गौचर भूमि प्रशासन ने कराई मुक्त गांव में भारी पुलिस बल तैनात
मुरैना/अंबाह जनपद की मोहनपुरा पंचायत के ग्राम गोपी में प्रशासन ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतक जय तोमर के आरोपियों द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को पूरी तरह हटा दिया। यह कार्रवाई न्यायालय नायब तहसीलदार वृत्त-3 सिहोनिया के आदेश और एसडीएम अंबाह के निर्देश पर सुबह 11 बजे शुरू की गई। आरोपियों ने शासकीय सर्वे नंबर 434, 455, 456/1, 991 और 992 की जमीन पर सरसों, गेहूं और आलू की फसल बोकर लंबे समय से कब्जा कर रखा था। मौजा गोपी के पटवारी द्वारा 14 नवंबर को दी गई रिपोर्ट में इस अतिक्रमण की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने 16 नवंबर को कार्रवाई की योजना तय की। रविवार सुबह तहसीलदार अंबाह के नेतृत्व में राजस्व अमला, कोटवारों की टीम और थाना अम्बाह पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर सीमांकन, माप और दस्तावेजों के आधार पर बुलडोज़र चलाकर भूमि को कब्जामुक्त किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे अवैध कब्जों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


